0 सर्वमंगला-कनकी मार्ग पर पानी-मिट्टी-बालू से बना दलदल, तीन घंटे की मशक्कत के बाद खुला रास्ता
कोरबा। बारिश शुरू होते ही सर्वमंगला-कनकी मार्ग पर SECL के डंपिंग यार्ड/बसाहट निर्माण स्थल से तेज बारिश में पानी के साथ बहकर आया मिट्टी और बालू का मलबा राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया। बारिश के पानी के साथ बड़ी मात्रा में मलबा मुख्य सड़क पर आ गया, जिससे सड़क का एक बड़ा हिस्सा दलदल में बदल गया। इसी दौरान एक बस और कार मलबे में धंस गईं। वाहनों के फंसने से करीब तीन घंटे तक इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण डंपिंग यार्ड का पानी मिट्टी और बालू को अपने साथ बहाकर सड़क तक ले आया। देखते ही देखते सड़क पर मलबे की मोटी परत जमा हो गई और रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया। भारी वाहन भी दलदल में फंसने लगे। इससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
0 जेसीबी पहुंची, तब मिली राहत
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम और SECL प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से सड़क पर जमा मिट्टी और मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद फंसी बस और कार को बाहर निकाला गया। इसके बाद सड़क की सफाई कराकर यातायात बहाल किया गया।
0 बारिश में फिर खड़ी हो सकती है यही समस्या
फिलहाल मलबा हटाकर रास्ता साफ कर दिया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों की चिंता बरकरार है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान डंपिंग यार्ड से मिट्टी और बालू के बहकर सड़क पर आने की समस्या पहले भी सामने आती रही है। यदि पानी और मलबे के बहाव को रोकने के लिए स्थायी इंतजाम नहीं किए गए तो अगली बारिश में फिर यही स्थिति बन सकती है। स्थानीय लोगों ने SECL प्रबंधन और नगर निगम से डंपिंग यार्ड से सड़क तक पहुंचने वाले पानी और मलबे को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।






