👉🏻 दो मामलों के आरोपी गिरफ्तार, तीसरी वारदात किसने अंजाम दी?
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में चोर लगातार वारदात कर रहे हैं। महज 10 दिनों में कॉलेज में एल्युमिनियम की खिड़कियां चोरी होने की तीसरी घटना सामने आई है। तीनों मामलों में अज्ञात चोरों ने कॉलेज परिसर में घुसकर खिड़कियां उखाड़कर अथवा दीवार तोड़कर चोरी की।
अपराध क्रमांक 0685/26: 15 अगस्त की शाम 4.30 बजे से 17 अगस्त सुबह 10.30 बजे के बीच चोर कॉलेज की दीवार फांदकर अंदर घुसे और नए भवन के कक्ष क्रमांक-5 की तीन पुरानी एल्युमिनियम खिड़कियां चोरी कर ले गए। इस मामले के प्रार्थी के. बंगारैया हैं।
अपराध क्रमांक 0687/26: 18 अगस्त शाम 6 बजे से 19 अगस्त सुबह 6 बजे के बीच चोरों ने फिर दीवार फांदकर कॉलेज में प्रवेश किया। नए भवन के कक्ष क्रमांक-6 की दीवार तोड़कर तीन एल्युमिनियम खिड़कियां चोरी कर ली गईं। प्रार्थी गजपाल सिंह हैं।
अपराध क्रमांक 0699/26: 22-23 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कॉलेज परिसर में घुसकर तीन खिड़कियों में लगे एल्युमिनियम फ्रेम चोरी कर लिए। इनकी कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई है। प्रार्थी लक्ष्मीदास हैं।
लगातार तीसरी चोरी के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। दो मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद तीसरी वारदात किसने अंजाम दी? क्या चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बार-बार एक ही सरकारी कॉलेज को निशाना बना रहे हैं? पुलिस के लिए अब इस तीसरी वारदात का खुलासा चुनौती बना हुआ है। तीनों मामलों में धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
🫵🏻 दो मामलों में इनकी हुई गिरफ्तारी

मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो घटनाओं में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया गया है। अपराध क्रमांक 685/2026 और 687/2026 दर्ज कर जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों सागर कश्यप (22), निवासी मुड़ापार महंत मोहल्ला, आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21), निवासी मुड़ापार साहू मोहल्ला और ईश्वर बंजारे (21), निवासी रामनगर दुर्गा पंडाल के पास को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।






