पाली। शासकीय पूर्व माध्यमिक कन्या शाला पाली में अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर प्रधान पाठक कक्ष में रखे सामानों को चोरी कर ले गए। घटना का पता 29 अगस्त की सुबह भृत्य के स्कूल पहुंचने पर चला।
प्रधान पाठक रीता तांडी (61) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह बिलासपुर के जरहाभाठा से प्रतिदिन पाली स्थित स्कूल आना-जाना करती हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवकाश के कारण स्कूल बंद था। 29 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल की भृत्य शिव कुमारी यादव ने फोन कर स्कूल का ताला टूटे होने की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर प्रधान पाठक स्कूल पहुंचीं। जांच करने पर संस्था प्रमुख कार्यालय का ताला टूटा मिला और अलमारी का लॉकर भी क्षतिग्रस्त था। कार्यालय में रखे पुराने दस्तावेजों के अलावा ब्लूटूथ साउंड बॉक्स, इंडक्शन (इलेक्ट्रिक हीटर) और एक गैस सिलेंडर गायब मिला। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है।
प्रधान पाठक की शिकायत पर पाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाने के साथ चोर की तलाश में जुटी है।





