बैकुंठपुर। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई में मंगलवार रात करीब 11 बजे रेत विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने फॉर्च्यूनर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना से कार में सवार 4 में से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने वारदात में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने BNS की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं।
इस मामले में पुलिस ने जांच में पाया कि हमलावरों ने पहले टिपर से फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारी जिससे दरवाजे जाम हो गए और सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना की गंभीरता देखते हुए सरगुजा रेंज IG दीपक झा रात में ही घटनास्थल पहुंचे। कोरिया पुलिस ने इस वारदात में 7 लोगों पर कठोर धाराओं में अपराध दर्ज किया है। इनमे से गिरफ्तार 4 आरोपियों में अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मन्नू त्रिपाठी शामिल हैं व 3 अन्य की तलाश जारी है।
बता दें कि मंगलवार को ही दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। आरोपी पक्ष ने सोनहत थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बाद रात में मृतक पक्ष अपने समर्थकों के साथ तीन वाहनों में सवार होकर आरोपियों के घर पहुंचा था। इसी दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने कथित तौर पर टिपर वाहन से हमला कर दिया। घटनास्थल से एक वाहन भागने में सफल रहा, जबकि दो वाहन फंस गए। इनमें से एक फॉर्च्यूनर को आग के हवाले कर दिया गया।
👉🏻 कई इलाकों में BNS की धारा 163 लागू
दूसरी तरफ, बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई क्षेत्र तथा ग्राम कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र के 300 मीटर के दायरे में विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति भंग हो सकती है। धारा 163 लागू होने के बाद प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के घातक अस्त्र-शस्त्र, हथियार अथवा विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा जुलूस, धरना-प्रदर्शन, आमसभा और अन्य सार्वजनिक आयोजनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में भड़काऊ नारेबाजी, आपत्तिजनक पोस्टर, पंपलेट अथवा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका हो।






