👉🏻पुराना बस स्टैण्ड में बदहाली
कोरबा। शहर क्षेत्र में आवागमन करने वालों के लिए प्रसाधन की समस्या एक बड़ी समस्या के रूप में उभर रही है। पहले जगह-जगह पर नाली के किनारे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में यूरिनल हुआ करता था तो आदमी चलते-फिरते रुक कर हल्का हो लिया करता था, लेकिन कालांतर में इन व्यवस्थाओं को बदल दिया गया और उनकी जगह सुलभ शौचायलयों ने ली है। राह चलते लोगों के लिए यह सुलभ शौचालय भी कई बार मयस्सर नहीं हो पाते क्योंकि भीतर गलियों में होते हैं। इसके विपरीत जो सुविधा नगर निगम के द्वारा मुहैया कराई गई है वह भी बदहाल होते जा रही है। कहीं निगरानी का अभाव तो कहीं व्यवस्था पर हावी होते लोग…।
कुछ ऐसा ही नजारा पुराना बस स्टैंड परिसर में देखने को मिला जहां गीतांजलि भवन के पिछले हिस्से में नगर पालिक निगम द्वारा महिलाओं की सुविधा हेतु महिला प्रसाधन के लिए निर्माण कराया गया है। आश्चर्य की बात यह है कि पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन पर भी पुरुषों ने अपना कब्जा जमा लिया है। हर बार यहां देखा गया है कि पुरुष ही इस प्रसाधन गृह में आते-जाते हैं। पुरुषों को यहां आते-जाते देखने के कारण महिलाओं में भी हिचकिचाहट उत्पन्न होती है।

हालांकि, कोतवाली के निकट मुख्य मार्ग में सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया है। बस स्टैंड में प्रसाधन के बगल में ठेला लगाने वाले या लोगों से पूछने पर पुरुषों को मेन रोड वाले सुलभ का रास्ता दिखाते हैं लेकिन बस स्टैंड में रहने वाले जितने भी दुकानदार और हेल्पर, ड्राइवर, कुली आदि जो भी लोग हैं, वह इसी महिला प्रसाधन गृह का उपयोग करते हैं। प्रसाधन गृह के आसपास लोगों की मौजूदगी रहने के कारण भी महिलाएं यहां आने से हिचकती हैं। ऐसा नहीं है कि नगर निगम के गीतन्जली भवन शहर कार्यालय में तैनात अधिकारियों, जोन में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी ना हो लेकिन उन्हें इन सब व्यवस्थाओं से कोई वास्ता नहीं रहता। आसपास के जागरूक लोग भी यह सवाल उठाते हैं कि क्या नगर निगम के अधिकारी, मैदानी लोग इसे देखते नहीं? आखिर जोन कमिश्नर या नगर निगम गीतांजलि भवन में मौजूद अधिकारी व कर्मचारी, सफाई व्यवस्था से जुड़े लोग इसे देखकर अनदेखा क्यों करते हैं। पूरे पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यापारिक क्षेत्र में यात्रियों और कामकाजी महिलाओं के लिए एक यही प्रसाधन गृह नगर निगम ने बनवा कर दिया है जिस पर भी पुरुषों का कब्जा हो जाना निश्चित ही चिंतनीय है। हालांकि, निकट में और इतवारी बाजार में सुलभ जरूर बना है।






