कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, जमनीपाली की छात्रा संजना अग्रवाल पिता मुकेश अग्रवाल (फ़ूड इंस्पेक्टर) ने 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2025-26) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में 25 जून को आयोजित भव्य समारोह में उसे उत्कृष्ट नेतृत्व और प्रभावशाली वक्तृत्व कला के लिए “इंडिविजुअल मेरिट अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।
देशभर के 200 से अधिक केंद्रीय विद्यालयों के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संजना ने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, जमनीपाली की टीम का लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के रूप में सफल नेतृत्व किया। उसकी कुशल संचालन क्षमता, संसदीय प्रक्रियाओं की समझ और प्रभावशाली प्रस्तुति ने विद्यालय को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। जमनीपाली कोरबा निवासी संजना अग्रवाल को उसके उत्कृष्ट भाषण, अनुकरणीय नेतृत्व और संसदीय प्रतिभा के लिए प्रशंसा पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संजना की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और जिले में हर्ष का माहौल है। उसकी सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।







