👉🏻 अपर कलेक्टर से मिले पार्षदों ने जताई नाराजगीं, कचरा के विवाद ने तूल पकड़ा
कोरबा। यहाँ कौन नहीं जानता मुझे, मैं यहीं पैदा हुआ हूं, “लखन लाल देवांगन से लेकर जय सिंह अग्रवाल मुझे जानता है, महापौर संजू देवी राजपूत से लेकर सभापति मुझे जानता है… फाइन नहीं दूंगा…ऐसा बोलोगे तो मैं आधा शहर निगम में घुसवा दूंगा इतना पावर रखता हूँ, कौन हूं मेरा नाम पता कर लेना आप……”
इस तरह से बात कर निगम कमिश्नर आशुतोष पांडेय को अप्रत्यक्ष धमकाने वाले व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हुई है। व्यवसायी के विरुद्ध सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित सभी पार्षद लामबंद होकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने पहुंचे। व्यवसायी द्वारा की गई हरकत का विरोध करते हुए अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल से मांग की गई है कि विधि सम्मत कार्रवाई की जाए।
व्यापारी की इस हरकत को लोगों ने अनुचित बताते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले, आम जनता से जुड़े कार्यों में इस तरह का हस्तक्षेप व निगम अधिकारियों के साथ व्यापारी द्वारा किया गया व्यवहार किसी भी रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता है।
बता दें कि कचरा फेंकने पर 1 हजार रुपये जुर्माना नहीं पटाते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुँचाने के इस मामले में निगम के स्वच्छता निरीक्षक की रिपोर्ट पर व्यवसायी राहुल बैग के संचालक द्वय के विरुद्ध कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराया जा चुका है। इसके बाद व्यवसायी के द्वारा भी अपनी लिखित शिकायत थाना में निगम अधिकारियों के खिलाफ दी गई है।






