👉🏻हवन, महाआरती, भोग भंडारा में उमड़े श्रद्धालु
कोरबा। हनुमान जयंती के अवसर पर ऊर्जाधानी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन धूमधाम से किया गया। सभी आयोजनों में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पुराना बस स्टैण्ड,कोरबा परिसर स्थित मनोकामना सिद्ध श्री राम हनुमान मंदिर अपनी विशेष धार्मिक मान्यता और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के कारण प्रसिद्ध है। इस मंदिर में श्री हनुमान जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन सुबह से देर शाम तक रखा गया। भगवान श्री राम-लक्ष्मण- जानकी और हनुमान दर्शन के लिए सुबह से मंदिर के पट खुले रहे।
सुबह हवन-पूजन के पश्चात 1 बजे से भोग-भंडारा का वितरण प्रारंभ किया गया।
शाम को संध्या आरती के पश्चात अंचल के भजन गायक हीरामणि वैष्णव के द्वारा सुंदरकांड की मधुर प्रस्तुति दी गई। मंदिर समिति ने आयोजनों को सफल किया।
👉🏻जलाराम मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव

संत श्री जलाराम सेवा समिति व गुजराती समाज कोरबा के तत्वाधान में जलाराम मंदिर परिसर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे से 100 हनुमान चालीसा पाठ एवं संगीतमय भजन संध्या के साथ हुई। भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान की आराधना की। इस अवसर पर जलाराम मंदिर के गुम्बद में ध्वज चढ़ाया गया। इसके पश्चात संध्या 7 बजे मंदिर की दैनिक आरती के बाद हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष महाआरती सम्पन्न हुई।
महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भोजन) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर संत श्री जलाराम सेवा समिति के सदस्य रोहित भाई जेठालाल शाह द्वारा भंडारा एवं महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।
👉🏻 पंचमुखी हनुमान मंदिर
मुड़ापार हेलीपैड के निकट पंचमुखी हनुमान मंदिर में दोपहर 12 बजते ही केक काटकर संगीतमय भजन कीर्तन कर भक्तों द्वारा संकटमोचन हनुमान जी की जयंती की बधाईयां बांटी गई। श्री राम- हनुमान की स्तुति, आरती, जयकारों से समूचा मंदिर परिसर गूंज उठा। अलसुबह से देर शाम तक मंदिर में दर्शन निमित्त श्रद्धालुओं की उपस्थिति बनी रही।
👉🏻 गेवरा बस्ती में उमड़ा रेला,पहुंचे जयसिंह अग्रवाल

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गेवरा बस्ती स्थित हनुमान मंदिर में जिला पंचायत कोरबा के पूर्व उपाध्यक्ष अजय जायसवाल एवं रीना जायसवाल के द्वारा हनुमान जयंती का कार्यक्रम भव्य तरीके से मनाया गया। प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल एवं नगर पालिक निगम कोरबा के पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, हनुमान भक्त एवं आसपास के ग्रामवासी सम्मिलित हुए। सर्वप्रथम मंदिर प्रांगण में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ तत्पश्चात महाआरती किया गया। विशाल भोग भंडारा का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में हनुमान भक्त पहुंच कर भोग प्रसाद ग्रहण किये।
👉🏻 सभी मंदिरों में उमड़े भक्त
हनुमान जयंती के अवसर पर शहर के गौरीशंकर मंदिर, सप्तदेव मंदिर, पंचदेव मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर स्थित (सीतामणी,पुराना बस स्टैंड, बुधवारी), मॉं सर्वमङ्गला मंदिर परिसर श्री हनुमान मंदिर, पावर हाउस रोड में श्री वटेश्वर हनुमान, शिव मंदिर स्थित श्री हनुमान मंदिर, बुधवारी बस्ती, आरपी नगर सिध्देश्वर हनुमान मंदिर, कोसाबाड़ी चौक स्थित सिद्ध श्री हनुमान मंदिर, ग्राम कुदुरमाल स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर, कटघोरा के चकचकवा पहाड़ स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर, बांकीमोंगरा चौक, गजरा स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर समेत जिले के समस्त हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सभी जगह हनुमान चालीसा पाठ,सुंदरकांड भोग भंडारा समेत विविध आयोजन हुए। सभी ने सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।






