0 आधी रात बिलासपुर जिले में रायपुर NH मार्ग पर हुआ हादसा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुर जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार मध्य रात बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे के मंजर को जिसने अपनी आँखों के सामने देखा, CCTV कैमरे में देखा और हादसे के बाद के हौलनाक दृश्य को देखा, उसका कलेजा कांप उठा। इस भयावह हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक, तखतपुर और मुंगेली के रहने वाले ये लोग दोस्त और परिजन शादी की सालगिरह मनाने के लिए ‘यादव ढाबा’ गए थे। पार्टी खत्म कर जब वे अपनी स्कॉर्पियो से लौट रहे थे, तभी अपनी साइड छोड़कर डिवाइडर पार करते हुए कोयला लदा ट्रेलर इस साइड आ गया और इसी समय अपने साइड से जा रही स्कार्पियो का चालक जब तक संभलकर ब्रेक लगाता, तब तक ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गया। कैद घटनाक्रम में नजर आ रहा है कि अपनी साइड में चल रहे दुर्घटनाकारित ट्रेलर के चालक ने बगल से निकली एक अन्य ट्रेलर से बचने के चक्कर में कट मारा किन्तु रफ्तार तेज होने के कारण ट्रेलर डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी तरफ की सड़क पर आ गई कि गुजर रही स्कार्पियो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए वहीं ट्रेलर भी पलट कर धराशाई हो गई। दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए वहीं कोयला सड़क पर बिखर गया।
👉🏻स्कार्पियो में सवार लोग चिपक गए,चीखने-चिल्लाने का मौका तक नहीं मिला
चार लोगों की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि एक युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वाले प्रकाश राठे 36 वर्ष ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। विशाल साहू 23 वर्ष व अमन साहू 15 वर्ष मुंगेली के बिरगहनी, देवेन्द्र मिश्रा 34 वर्ष सीपत व छत्रपाल राठे 37 वर्ष तखतपुर निवासी थे। स्कार्पियो को कटर से काट कर शवों को निकाला जा सका।
👉🏻जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। शुक्रवार सुबह जब मृतकों के शव मर्च्युरी पहुंचे, तो परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया। गमगीन माहौल में सभी का अंतिम संस्कार गृहग्राम में किया गया।






