नारायणपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के नारायणपुर जिला की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है। पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के एवज में कमीशन मांगने के गंभीर मामले में यह कार्रवाई हुई है।
मामले में रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में संलिप्त एक अधिवक्ता के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोतवाली थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाले इंश्योरेंस कवर का लाभ दिलाने के बदले दो लोगों द्वारा नियमों के विरुद्ध कमीशन की मांग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर संदीप पटेल ने मीडिया को बताया कि -”शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के बाद आरोपी निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में आरोपी वकील के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
इधर,इस कार्रवाई से पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल के साथ सह-आरोपी अधिवक्ता की तलाश में जुट गई है।
BREAK:निरीक्षक सुरेश चंद्र गिरफ्तार,साथी वकील पर FIR कर तलाश तेज






