कोरबा-कटघोरा। बांकीमोगरा थाना दर्ज ठगी के एक मामले में आरोपी पूर्व पार्षद रविंद्र मोहन बघेल को न्यायालय से सशर्त अग्रिम जमानत मिल गई है।
पूर्व पार्षद के विरुद्ध बांकी थाना में दर्ज बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के अपराध में आरोप है कि उसने अपने साथी के साथ।मिलकर प्रार्थी सुरेश पिता अर्जुन दास निवासी-सुराकछार बस्ती थाना- बांकीमोंगरा के बेटे के विरुद्ध एक युवती के द्वारा शारीरिक शोषण किये जाने की शिकायत के मामले में बचाने के लिए डेढ़ लाख रुपये लिए। काम भी नहीं हुआ, बेटा जेल चला गया व रकम वापस नहीं मिली। दबाव बनाने पर बघेल ने मात्र 30 हजार लौटाया। बाकी रकम न मिलने पर एसपी से शिकायत के बाद जुर्म दर्ज कर लिया गया।
👉🏻 मिली है सशर्त अग्रिम जमानत
एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी रविंद्र मोहन बघेल के द्वारा अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए अधिवक्ता के माध्यम से तथ्यात्मक बातों के साथ आवेदन तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा के समक्ष प्रस्तुत किया। अग्रिम जमानत आवेदन तथा इस आवेदन पर राज्य सरकार के अधिवक्ता की ओर से की गई आपत्ति पर न्यायाधीश ने अध्ययन किया। दोनों पक्षों को सुनने के उपरांत न्यायाधीश ने अग्रिम जमानत आवेदन को सशर्त मंजूरी दे दी।
अग्रिम जमानत की शर्त है कि
- आवेदक/अभियुक्त जमानत पर रिहा होने के पश्चात प्रकरण के अन्वेषण में पुलिस को अपना सहयोग प्रदान करेगा।
- आवेदक / अभियुक्त जमानत पर रिहा होने के पश्चात प्रकरण के किसी भी साक्षी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित नहीं करेगा।अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुति पश्चात प्रत्येक पेशी तिथियों पर उपस्थित रहेगा।
- उपरोक्त शर्तों से आबद्ध करते हुए कहा गया कि यदि आवेदक/आरोपी रविन्द्र मोहन बघेल को थाना बांकीमोगरा के अपराध क्रमांक 150/2026 अंतर्गत धारा 318(4), 3 (5) भा०न्या०सं० में गिरफ्तारी किया जाता है तो आवेदक/आरोपी के द्वारा 25,000-25,000/- रूपये का दो सक्षम जमानत एवं उतनी ही राशि का मुचलका थाने के भारसाधक अधिकारी/सक्षम प्राधिकारी के संतुष्टि योग्य प्रस्तुत करने पर अग्रिम जमानत पर रिहा किया जावे।
इधर, आरोपी बघेल के मुताबिक वह खुद ठगी का शिकार है क्योंकि इस ठगी के मामले में मुख्य आरोपी डेनियल मंगेशकर बताया है जो घटना के बाद से फरार है।






