👉🏻 मिल रही शिकायतों पर जाँच के बाद एसपी ने किया तबादला
कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने चार प्रधान आरक्षकों व छह आरक्षकों सहित कुल 10 पुलिस कर्मियों की पदस्थापना में फेरबदल किया है। इस तबादला सूची में पाली थाना में पदस्थ वे दो आरक्षक नरेश बंजारे और रामकुमार चन्द्रा भी शामिल हैं जिनके विरुद्ध क्षेत्र से लगातार शिकायत पुलिस अधिकारियों को मिल रही थी। पिछले दिनों पाली नगर पंचायत क्षेत्र के एक पार्षद के रिश्तेदार पर आबकारी एक्ट के झूठे मामले में एफआईआर दर्ज करने तथा दुकान में जाकर बार-बार परेशान करने और धमकाने के मामले में शिकायत की गई थी। एसपी के निर्देश पर कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के द्वारा इस मामले में जांच की गई। हालांकि, जांच पड़ताल के दौरान शिकायतकर्ता पर लगातार इस बात का दबाव बनाया/बनवाया जाता रहा कि वह समझौता कर ले और अपनी शिकायत को वापस ले ले। लेकिन, मिल रही प्रताड़ना और उसके साथ हो रहे गलत बर्ताव से पीड़ित इतना आहत था कि उसने समझौता नहीं किया व अपनी शिकायत पर अडिग रहा। अंततः जांच के पश्चात कप्तान ने पाली थाना के इन दोनों आरक्षक का तबादला श्यांग व लेमरू थाना के लिए कर दिया है। इसी तरह 8 अन्य पुलिस कर्मियों का भी तबादला प्रशासनिक दृष्टिकोण से किया गया है।






