👉🏻 इधर सड़क मामले में भाजपा नेताओं ने कन्हैया के खिलाफ खोला मोर्चा, थाना में उमड़े भाजपाई
कोरबा। नगर के युवा पत्रकार और कोरबा प्रेस क्लब के नवनियुक्त सदस्य कन्हैया सोनी के खिलाफ एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में नगर निगम की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके दूसरे दिन भाजपा के नेताओं ने मोर्चा खोलते हुए थाना कोतवाली में रैली की शक्ल में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और विभिन्न विषयों को रखते हुए ज्ञापन सौंप कर कन्हैया सोनी पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बारिश का मौसम खत्म होने के बाद नगर निगम क्षेत्र में लगभग 24 करोड़ की लागत से विभिन्न 18 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन पिछले दिनों मंत्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में कराया गया। इन कार्यों में मुख्य रूप से खराब सड़कों का डामरीकरण शामिल है। पावर हाउस रोड की सड़क का काम खत्म कर दिया गया है।
इस सड़क की गुणवत्ता, मापदंड आदि कई तरह की बातों को लेकर विभिन्न माध्यमों से युवा पत्रकार कन्हैया सोनी के द्वारा मुद्दा उठाया जाता रहा। उन्होंने हाल ही में एक वीडियो कंटेंट सोशल मीडिया में डालते हुए पावर हाउस रोड स्थित हीरानंद काम्प्लेक्स के सामने एक बोर्ड लगाकर सड़क से संबंधित तमाम तरह की जानकारी को रिक्त स्थान पर भरने की मांग करते हुए सवाल उठाया कि आखिर इस सड़क की लागत, ठेकेदार का नाम, संधारण व्यय, संधारण की अवधि आदि की जानकारी कौन देगा? निगम के अधिकारी इस खाली स्थान को भरेंगे। इस तरह से सड़क पर फ्लेक्स/बोर्ड लगाया गया। इधर दूसरी तरफ बीच सड़क डिवाइडर पर बोर्ड लगाने और इसके कारण आवागमन करने वालों को अवरोध उत्पन्न होने व सड़क पर चलने के दौरान देखने में दिक्कत होने का आरोप लगाते हुए निगम के उप यंत्री के द्वारा कोतवाली में कन्हैया सोनी के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। (सोशल मीडिया से अब यह वीडियो हटा दिया गया है)। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सब इंजीनियर की शिकायत पर कन्हैया सोनी के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति विरूपण व यातायात अवरोध करने के जुर्म में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। शनिवार को अपराध दर्ज करने की यह कार्रवाई की गई।
👉🏻 इसके दूसरे दिन रविवार 1 नवम्बर को बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और भाजपा के तमाम पार्षदों का हुजूम रैली की शक्ल में कोतवाली में उमड़ पड़ा।
यहां पहुंचे भाजपा नेताओं और पार्षदों ने कन्हैया सोनी पर भ्रामक समाचार प्रसारित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। उपस्थित पार्षद चंद्रलोक सिंह ने एएससपी नीतिश ठाकुर को बताया कि 24 करोड़ की रोड का काम पूरा निगम क्षेत्र में चालू किया गया है जो डीएमएफ मद से हो रहा है। पावर हाउस रोड में भी काम हुआ है लेकिन इसे 24 करोड़ की सड़क बता कर भ्रम फैलाया जा रहा है। क्या यह हीरे की सड़क बन रही है या चांदी की! लोगों को भ्रमित कर हमारे अधिकारियों को भी टारगेट में लेने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई जानकारी चाहिए तो नगर निगम जाईये,वहां जानकारी नहीं देते हैं तो हम साथ देंगे लेकिन सब नियम से हो। पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने पुलिस अधिकारियों से मुखातिब होते हुए कहा कि पत्रकार की गिरफ्तारी होनी चाहिए, अंकुश लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को गलत जानकारी ना दें, जैसा पाए वैसा ना छापें। हम गलत हैं तो हमारे खिलाफ लिखें आप गलत हैं तो आपके खिलाफ लिखें लेकिन गलत ना छापा जाए। पार्षद नरेंद्र देवांगन ने भी अपनी बात रखते हुए ज्ञापन सौंप कर बताया कि इसमें संबंधित व्यक्ति का नाम और उसके विरुद्ध शिकायतें शामिल है जिस पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
इस दौरान उपस्थित सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने इन्हें अवगत कराया कि एक दिन पहले ही कन्हैया सोनी के विरुद्ध एक मामले में अपराध दर्ज किया जा चुका है। ज्ञापन सौंपने के बाद सभी भाजपा नेता और पार्षद कोतवाली से वापस लौट गए। इस पूरे घटनाक्रम और एफआईआर की चर्चा शहर व मीडियाकर्मियों में है।
👉🏻सवाल और आवाज को दबाने की कोशिश:कन्हैया सोनी
इस मामले में कन्हैया सोनी का कहना है कि उन्होंने जनता के बीच से उठे सवालों को उठाने का काम किया तो उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई। आखिर मेरी आवाज को क्यों दबाया जा रहा है? कन्हैया सोनी का दावा है कि इस पूरे मामले में बड़ी गफलत हुई है जिसका प्रमाण वे इकट्ठा कर रहे हैं और आने वाले दिनों में इसका खुलासा किया जाएगा।






