कोरबा। जिले के बाल्कोनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बेलाकछार के दो मित्र युवकों की जंगल में एक पेड़ पर साड़ी के दो किनारों से बनाये फांसी के फंदे में झूलती लाश बरामद हुई है। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम और गांव में शोक मिश्रित सनसनी व्याप्त हो गई।
मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (पिता– राजेंद्र कंवर) 23 वर्ष और अमित माथुर 24 वर्ष (पिता– दीपक माथुर) के रूप में हुई है। बताया गया कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने जब जंगल के भीतर पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
बालको थाना में पदस्थ एएसआई धनंजय जाटवर ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों की मौजूदगी में शवों को मर्ग पंचनामा के बाद फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे व जांच की दिशा तय होगी।
👉🏻 कल शाम घर से निकले थे दोनों,मिला मोबाइल
एएसआई धनंजय जाटवर ने बताया कि दोनों मृतक आपस मे गहरे दोस्त थे। इनका घर एक ही गांव में आसपास है व रोजी मज़दूरी करते थे। कल शाम 4 बजे तक ये दोनों अपने घर पर थे,इसके बाद घर से निकले तो लौटे नहीं। मौके से अमित माथुर का मोबाइल मिला है। घटना स्थल गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर है। माना जा रहा है कि पैदल ही यहाँ तक आये होंगे। इस बीच ऐसा क्या हुआ या दोनों के मन मे ऐसा क्या उठा कि एक साथ खुदकुशी के रास्ता अपनाया? हर कोई यह रहस्य जानने को बेताब हैं कि आखिर क्या वजह है इनके एक साथ खुदकुशी की!
KORBA:कल घर से निकले,आज फंदे पर एक साथ लटके मिले दो दोस्त






