👉🏻 वन विभाग के घटिया निर्माण ने मजदूर का जीवन संकट में डाला
👉🏻 मंच से भरी सभा में वन अधिकारियों के रवैये को कहा शर्मनाक
कोरबा। कोरबा वन मण्डल के कोरबा रेंज अंतर्गत ग्राम भुलसीडीड में वन विभाग के घटिया निर्माण ने एक स्वस्थ मजदूर के जीवन पर संकट और उसके हंसते-खेलते परिवार पर आफत ला दिया है। सुनियोजित भ्रष्टाचार को अंजाम देने में सहयोगी अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे बैठे हैं। इस विषय को सत्यसंवाद ने काफी गंभीरता से और लगातार उठाया है, किंतु डीएफओ से लेकर रेंजर तक के कान में जूं तक नहीं रेंगी। अब पीड़ित ने शासन के सुशासन तिहार में न्याय की गुहार लगाई है। जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम देवलापाठ में पीड़ित राकेश खड़िया ने वन अधिकारी कोरबा तथा ठेकेदार शेखर श्रीवास की लापरवाही से दुर्घटना हो जाने के संबंध में संबंधित दोषी के विरूद्ध अपराध दर्ज कर कार्यवाही किये जाने का आवेदन कलेक्टर के नाम सौंपा है। पीड़ित को राहत दिलाने के लिए जनप्रतिनिधि भी आगे आए हैं
👉🏻 आवेदन इस प्रकार है-
निवेदन है कि राकेश खड़िया, उम्र 32 वर्ष, पिता परदेशी राम खड़िया, ग्राम आमापाली, तिलकेजा, तहसील एवं जिला कोरबा (छ.ग.) का मूल निवासी हूं। मैं मजदरी का काम करता हूं दिनांक- 20/02/2026 को वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम भुलसीडीह में वन विभाग के द्वारा वॉच टावर का निर्माण कराया जा रहा था जिसमें मैं और मेरी पत्नि मजदूरी का काम कर रहे कि वन विभाग के द्वारा बिना उचित व्यवस्था एवं बिना साधन के तथा बिना सुरक्षा से काम करवाया जा रहा था। वन विभाग एवं ठेकेदार के द्वारा टावर में चढ़कर काम करने के लिए सीढी बनाया गया वह खराब स्थिति में था जिस कारण मैं काम करने के लिए सीढी का उपयोग कर रहा था कि उसी समय सीढी टुट गया जिससे मैं गिर गया। जिससे मेरे पेट एवं अन्य अंगों में गंभीर चोटें आई है चोट इतना गहरा था कि मेरी अंतड़ी फट गया। पेट-सीना आदि अंगों में गंभीर चोट पहुंचा है।

वन विभाग एवं ठेकेदार के पास मेरे उपचार करवाने के लिए कह चुका हूं लेकिन किसी प्रकार सहयोग नहीं किया जा रहा है। मैं वन विभाग के संबंधित अधिकारी तथा ठेकेदार शेखर श्रीवास के ऊपर कार्यवाही चाहता हूं। दुर्घटना होने के संबंध में संबंधित दोषी के विरूद्ध अपराध दर्ज कर कार्यवाही किये जाने हेतु आदेश करने की कृपा करें। अब देखना है कि सुशासन तिहार से पीड़ित को किस तरह की राहत मिल सकेगी..?
👉🏻 सुशासन तिहार के मंच से जताई नाराजगी
गुरुवार 21 मई को सुशासन तिहार कोरबा ब्लाक के ग्राम पंचायत ढोगदरहा में आयोजित हुआ। इसमें शामिल हुए अतिथि भाजपा नेता एवं श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत सभापति स्थाई कृषि समिति जिला पंचायत कोरबा के पति कमलेश अनंत ने मंच से ही उपस्थित वन अधिकारियों से इस घटनाक्रम को दुखदाई व इसके बाद कि उपेक्षा को शर्मनाक बताते हुए कहा कि-मजदूर राकेश खड़िया के घ्रर जाएं, उसकी स्थिति को देखें और सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारी कहां सोए हुए हैं,एक मजदूर इस हालत में और उसे देखने तक नहीं गए।
👉🏻 किशन कोसले ने दी धरना चेतावनी
जनपद पंचायत करतला के जनपद सदस्य किशन कोसले ने कहा है कि एक सप्ताह में अगर राकेश खड़िया का इलाज एवं आर्थिक सहयोग नहीं होगा तो वन विभाग के कार्यालय के सामने धरना दूंगा।






